बैकुंठपुर।।कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से लगे बैकुंठपुर रोड रेलवे स्टेशन में लंबे समय से लंबित पड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण कार्य को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। स्वीकृति के बाद रेलवे विभाग ने तेजी से कार्य शुरू कर दिया है। यह परियोजना स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
स्टेशन में अब दो प्लेटफार्म तैयार किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों का दबाव विभाजित होगा और आवागमन सुचारू हो सकेगा। वर्षों से यहाँ यात्रियों को उस समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था जब ट्रेनें दूसरी ओर आकर रुकती थीं। प्लेटफार्म न होने के कारण लोगों को सीधे पटरियों पर उतरकर प्लेटफार्म तक पहुँचना पड़ता था। एक ही समय पर दो ट्रेनें पहुँचने की स्थिति में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती थी।
स्थानीय नागरिक द्वारा कई वर्षों से स्टेशन में फुट ओवर ब्रिज की मांग कर रहे थे। लगातार उठती मांगों और बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे ने आखिरकार इस महत्वपूर्ण सुविधा को स्वीकृति प्रदान की। अधिकारियों के अनुसार फुट ओवर ब्रिज बनने के बाद यात्रियों को किसी भी दिशा से सुरक्षित रूप से प्लेटफार्म बदलने की सुविधा मिलेगी।
रेलवे विभाग के इंजीनियरिंग दल ने बताया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआत में आधार संरचना तैयार की जा रही है, इसके बाद स्टील स्ट्रक्चर खड़ा किया जाएगा। ब्रिज को आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाकर यात्रियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सुविधा शुरू होने के बाद न केवल यात्रियों को लंबे समय से हो रही परेशानियों से राहत मिलेगी, बल्कि स्टेशन की छवि भी सुधरेगी। बैकुंठपुर रोड स्टेशन से रोजाना काफी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं, ऐसे में यह सुविधा सुरक्षा और सुविधा दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
यात्रियों को उम्मीद है कि फुट ओवर ब्रिज के चालू हो जाने से स्टेशन की भीड़ व्यवस्था बेहतर होगी और भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही भी अधिक सुव्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। रेलवे प्रशासन का दावा है कि कार्य में तेजी बनी रहेगी और आने वाले महीनों में इसका लाभ आम जनता को मिलने लगेगा।


