बैकुंठपुर, जिला कोरिया। छिंदडाँड़ में एक बाइक पर चार सवारी के साथ स्टंट करते हुए बनाए गए वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी थी। इंडिया न्यूज ने इस खतरनाक स्टंट की इनसाइड स्टोरी सबसे पहले प्रसारित की थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
खबर का संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिक को पकड़ा और ₹6,600 का जुर्माना लगाया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
बता दें कि यह वीडियो चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता ने बनाया था, जिसमें चार लोग एक ही बाइक पर बैठे दिखाई दे रहे थे — दो युवक और दो युवतियां। वीडियो में बाइक चालक स्टंट करता नजर आ रहा था।
यातायात विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की खतरनाक हरकतों से दूर रहें और नियमों का पालन करें। साथ ही, ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


