बैकुंठपुर। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर “संगठन सृजन अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत देशभर के हर जिले में पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय ऑब्ज़र्वर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध सहाय ने बुधवार को बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा की।
सुबोध सहाय ने बताया कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत और संगठित करने के लिए यह पहल एक नई रणनीति के रूप में की जा रही है। उन्होंने कहा कि “पार्टी अब जनता और कार्यकर्ताओं की राय लेकर संगठन की दिशा तय करेगी। इसी उद्देश्य से हर जिले में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ऑब्ज़र्वर भेजे गए हैं, जो ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं से राय-सुझाव एकत्र करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का यह अभियान न केवल संगठनात्मक संरचना को सशक्त करेगा, बल्कि नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का मंच भी बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा और जनसरोकारों को लेकर जन-जन तक पहुंचें।
सुबोध सहाय ने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जनता की आवाज उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत आने वाले दिनों में जिले और ब्लॉक स्तर पर बैठकें, प्रशिक्षण शिविर और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि एक मजबूत और जनसेवी संगठन खड़ा करना है जो हर वर्ग की आवाज को मंच प्रदान करे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिपक्ष के नेता डॉ चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्स्ना महंत, सांसद फूलोदेवी नेताम सहित काफी संख्या में पूर्व जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




