बैकुंठपुर। शहर के छिंदडांड क्षेत्र से एक बार फिर खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में एक बाइक पर चार सवारियां दिखाई दे रही हैं। तीन लोग बाइक के एक तरफ बैठे हैं, जिनमें दो लड़कियां शामिल हैं, जबकि एक युवक बाइक चला रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चौथा युवक बाइक पर उल्टा बैठकर स्टंट करता नजर आ रहा है। इस खतरनाक हरकत का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही बैकुंठपुर में एक बाइक पर पाँच लड़कों के बैठकर सवारी करने का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चालक पर भारी जुर्माना लगाया था। अब एक बार फिर लापरवाही भरा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस वीडियो को चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शारदा गुप्ता ने रिकॉर्ड किया है। इससे पहले भी उन्होंने ही पाँच युवकों के बाइक स्टंट का वीडियो बनाया था, जिस पर कार्रवाई हुई थी। लगातार इस तरह के खतरनाक स्टंट सामने आने से शहर में यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।


