बैकुंठपुर। मंगलवार को अष्टमी के अवसर पर जिलेभर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। परंपरागत आस्था और श्रद्धा के साथ रमदईया धाम से ज्वारे निकाले गए। शोभायात्रा भव्य रूप से धाम से निकलकर महलपारा होते हुए जोड़ा तालाब पहुंची और वहां से आगे बढ़कर कुमार चौक में स्थित नीम के पेड़ के नीचे पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान महिलाएं माता की जय-जयकार करती हुई श्रद्धा के साथ झुकते हुए आगे बढ़ती रहीं, वहीं भक्तगण ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।
पूजा स्थल पर देवरहा बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष शैलेश शिवहरे ने श्रद्धालुओं के लिए फल और पानी का वितरण किया। समिति के कार्यकर्ताओं ने न केवल श्रद्धालुओं की सेवा की बल्कि उनके जाने के बाद स्थल की साफ-सफाई भी की।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता रानी के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
उधर, समाजसेवक अज्जू जीवनानी ने भी अपने कार्य से लोगों का ध्यान खींचा। जब कुछ श्रद्धालु फल खाकर छिलके जमीन पर फेंक रहे थे, तब उन्होंने स्वयं झुककर उन छिलकों को इकट्ठा किया और स्वच्छता का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने उनके इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।






