मनेंद्रगढ़। शहर और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही भालुओं की आमद और हमलों की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने वन विभाग पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने वन विभाग की निष्क्रियता को जनसुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए चौक-चौराहों पर चेतावनी पोस्टर चिपकवाए हैं।
मिश्रा ने आरोप लगाया कि डीएफओ मनीष कश्यप पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। फोन रिसीव न करना, कार्यालय में आम नागरिकों और पत्रकारों की समस्याओं को न सुनना और अब तक भालुओं को रेस्क्यू कर जंगल में न पहुंचा पाना, विभाग की नाकामी को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि अवैध कटाई और लापरवाही के चलते यह संकट गहराता जा रहा है और नागरिकों की जान जोखिम में है।
जारी किए गए पोस्टरों में लोगों से अपील की गई है कि शाम ढलने के बाद सुनसान स्थानों से दूर रहें, बच्चों और बुजुर्गों को घर में सुरक्षित रखें, दरवाजे-खिड़कियाँ बंद रखें, भालू दिखने पर शांति बनाए रखें और फोटो-वीडियो लेने या उकसाने का प्रयास न करें। साथ ही किसी भी स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी गई है।
पोस्टर अभियान के दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी, युवा कांग्रेस भरतपुर-सोनहत विधानसभा अध्यक्ष मोती सिंह, ईरशाद अंसारी, आशीष चौधरी, संजय, रुद्र, किस्मत राहुल सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक वन विभाग सक्रिय नहीं होता, नागरिकों को अपनी सुरक्षा खुद ही सुनिश्चित करनी होगी।



