बैकुण्ठपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कोरिया जिला का शारीरिक प्रकट कार्यक्रम एवं संचलन रविवार को मुख्यालय बैकुण्ठपुर में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। हाई स्कूल ग्राउंड में दोपहर 1:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम का समापन शाम 6:30 बजे हुआ। कार्यक्रम में संघ के 99 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों के उल्लेखनीय योगदान की झलक देखने को मिली।
इस विशेष आयोजन में संघ के स्वयंसेवकों ने शारीरिक प्रदर्शन, व्यायाम योग, दंड संचालन, घोष वादन और अन्य शारीरिक क्रियाओं के माध्यम से अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों के आत्ममूल्यांकन के साथ-साथ संघ की कार्यप्रणाली से समाज को अवगत कराना था।
एकजुटता और सेवा का संदेश
इस कार्यक्रम में कोरिया जिले के चुने हुए स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमांडर रंजीत सिंह बिष्ट ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में समाज को एकजुट करने और सेवा कार्यों में स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की। इसके बाद सांघिक और एकल गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री राकेश चंद्र भानु (सह विभाग कार्यवाह, कोरिया जिला) ने अपने संबोधन में संघ के उद्देश्यों, सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण सम्भव है।"
गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
इस अवसर पर नगर के कई गणमान्य नागरिक, संघ के वरिष्ठ दायित्ववान कार्यकर्ता, भगिनी वर्ग और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संचालन में सक्रिय सहयोग
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के दायित्ववान कार्यकर्ताओं — खगेश्वर नाथ, कमलेश गुप्ता, गौरवकांत बडेरिया, अवधेश सिंह, साहिल जैन, हेमसाय, ओमप्रकाश, आदित्य, नारायण साहू, अंचल दुबे, रविशंकर और अतुल का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम ने राष्ट्र सेवा, एकजुटता और अनुशासन के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित लोगों को संघ के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली को और करीब से जानने का अवसर मिला।