त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: कल आखिरी चरण का मतदान, कड़ा मुकाबला जारी

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। कोरिया जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान कल 23 फरवरी को होने जा रहा है। अब तक सोनहत की दो सीटों पर हुए चुनावों में कांग्रेस और भाजपा ने एक-एक सीट जीतकर बराबरी की स्थिति बना ली है। अब सभी की नजरें बैकुंठपुर और खड़गवां (बचरा पोड़ी) की विभिन्न सीटों पर टिकी हैं, जहां जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है।


बैकुंठपुर क्षेत्र में कड़ा मुकाबला

बैकुंठपुर (प्रथम) सीट हाई प्रोफाइल मानी जा रही है, जहां वर्तमान जिला सदस्य और विधायक की बहू वंदना विजय राजवाड़े मैदान में हैं। उन्हें छाता चिन्ह की पुष्पलता राजवाड़े से कड़ी चुनौती मिल रही है। अन्य प्रत्याशियों में दो पत्ती के निशान पर अफसाना यूसुफ, उगता सूरज के चिन्ह पर अन्नू हीरालाल साहू और पतंग के निशान पर फुलाशो चुनावी संघर्ष में हैं।


बैकुंठपुर (द्वितीय) सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसमें कांग्रेस समर्थित राजेश कुमार पैकरा दो पत्ती, गोंगपा समर्थित सरोजनी संजय सिंह कमरो उगता सूरज और भाजपा समर्थित सौभाग्यवती सिंह कुसरो पतंग चिन्ह पर मैदान में हैं। सौभाग्यवती सिंह वर्तमान में जनपद अध्यक्ष हैं, जिससे यह चुनाव और रोचक हो गया है।


बैकुंठपुर (तृतीय) अ.जा. महिला सीट पर भी जोरदार मुकाबला है, जहां दो पत्ती के आरती कुर्रे, उगता सूरज की प्रत्याशी प्रतिमा, पतंग की राजकुमारी, छाता की संगीता सोनवानी, बैलगाड़ी की सविता देवी सोलंकी, फावड़ा बेल्चा की सुनीता देवी, बल्ब की सुनीता देवी कुर्रे और सिलाई मशीन के उर्मिला सुभाष कुमार अपनी जीत के लिए प्रयासरत हैं।


बैकुंठपुर (चतुर्थ) अनारक्षित मुक्त सीट पर सबसे ज्यादा प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। दो पत्ती के अरविंद कुमार सिंह, उगता सूरज के अश्वनी कुमार कुशवाहा, पतंग के भूपेंद्र दुबे, छाता के बिहारी लाल राजवाड़े, बैलगाड़ी के चिंतामणि सिंह सांडिल, फावड़ा बेल्चा की लक्ष्मी बाई, बल्ब की माला सिंह, सिलाई मशीन के प्रवीण कुमार दुबे, हाथ चक्की के राजेश साहू, टेबल फैन के एल.आर. रवि, सिलेट के सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, रेडियो की विमला आगरसाय राजवाड़े और हारमोनियम के विनोद कुमार साहू इस सीट पर कड़ी टक्कर दे रहे हैं।


बैकुंठपुर (पंचम) अनारक्षित महिला सीट भी हाई प्रोफाइल मानी जा रही है, क्योंकि यहां वर्तमान विधायक की पुत्री मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दो पत्ती की आशा साहू, उगता सूरज की दुर्गा कुमारी, पतंग की गीता राजवाड़े, छाता की गीतिका ब्रिजेश साहू और बैलगाड़ी की किरण विजय सिंह के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।


बैकुंठपुर (षष्ठम) सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता वेदांती तिवारी के मैदान में होने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। दो पत्ती के अजित कुमार बड़ा, उगता सूरज के जोखन सिंह, पतंग के मोहित राम पैकरा, छाता के रामनारायण साहू, बैलगाड़ी के वेदांती प्रसाद तिवारी, फावड़ा बेल्चा के विमलचन्द्र चेरवा और बल्ब के विश्वनाथ टोप्पो चुनावी संघर्ष में हैं। भाजपा समर्थित मोहित पैकरा कांग्रेस के वेदांती तिवारी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।


खड़गवां ( बचरा पोड़ी) क्षेत्र में भी रोचक स्थिति

खड़गवां (प्रथम) अ.ज.जा. महिला सीट को 9 नंबर सीट कहा जा रहा है। इस सीट पर दो पत्ती की भगमनिया गोड़, उगता सूरज की कृश्णकला सिंह, पतंग की राम बाई गोड़, छाता की सन्तोशी पैकरा, बैलगाड़ी की सुशमा कोराम और फावड़ा बेल्चा की विमला सिंह आमने-सामने हैं।


खड़गवां (द्वितीय) सीट को 10 नंबर सीट कहा जाता है, जहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती मरकाम उगता सूरज पर, वर्तमान जिला पंचायत सदस्य चुन्नी बाई पैकरा दो पत्ती पर, पतंग की कमलावती सिरदार, छाता की ममता सिंह और बैलगाड़ी की स्नेहलता उदय गोंड अपनी दावेदारी ठोक रही हैं।

इन दोनों सीटों पर भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। अब तक भाजपा और कांग्रेस एक-एक सीट जीत चुकी हैं, जिससे दोनों पार्टियों के बीच कड़ा संघर्ष जारी है।


अब सभी की निगाहें 23 फरवरी को होने वाले मतदान और उसके बाद के रुझानों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस या भाजपा किसे अध्यक्ष की कुर्सी मिलेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!