संगीता सोनवानी का भाजपा में प्रवेश, कोरिया जिला पंचायत में बदले सियासी समीकरण

Chandrakant Pargir

 



कोरिया। जिले की सियासत में बड़ा उलटफेर उस वक्त देखने को मिला, जब कांग्रेस की नेत्री और निर्दलीय चुनाव में विजयी जिला पंचायत सदस्य संगीता सोनवानी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष शैलेश शिवहरे, केबी जायसवाल पंकज गुप्ता, धीरेंद्र साहू, तीरथ राजवाडे, शारदा गुप्ता, अभय दुबे, रौशन राजवाडे, मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक की मौजूदगी में संगीता सोनवानी ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि श्रीमती सोनवानी पहले भी जिला पंचायत सदस्य रह चुकी है उन्होंने हमारे सभी बड़े नेताओं से बात कर भाजपा जॉइन की है। 



कांग्रेस को बड़ा झटका, भाजपा को मिला मजबूत समर्थन


संगीता सोनवानी ने जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 3 से चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया, बावजूद इसके उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़कर शानदार जीत दर्ज की। अब उनके भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा सियासी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कोरिया जिले में भाजपा अपनी स्थिति लगातार मजबूत करती जा रही है और संगीता सोनवानी का यह कदम भाजपा की रणनीति को और मजबूती देता दिख रहा है।


भाजपा की रणनीति रंग लाई, जिला पंचायत अध्यक्ष बनना लगभग तय


कोरिया जिला पंचायत के 10 क्षेत्रों में आए चुनाव परिणामों ने भाजपा को स्पष्ट बढ़त दिलाई है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है, 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को 2 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को मात्र 1 सीट से संतोष करना पड़ा है।


संगीता सोनवानी के भाजपा में शामिल होने के बाद अब भाजपा के पास कुल 6 सीटें हो गई हैं, जिससे जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत लगभग तय मानी जा रही है।


बागियों को मनाने की जरूरत नहीं, भाजपा की राह आसान


भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की कुशल रणनीति और संगठन क्षमता ने पार्टी को इस चुनाव में निर्णायक बढ़त दिलाई है। पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव जीतने वाले राजेश साहू को अब ज्यादा मनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि संगीता सोनवानी के भाजपा प्रवेश के बाद बहुमत का आंकड़ा भाजपा ने लगभग छू लिया है।


भाजपा को 10 में से 6 सीटों पर बढ़त, जीत तय


10 सीटों वाले कोरिया जिला पंचायत में भाजपा ने 6 सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस बढ़त के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की इस रणनीति ने जिले में कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।


सियासी समीकरणों में बदलाव के संकेत


संगीता सोनवानी के भाजपा में प्रवेश से कोरिया जिले की सियासी तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। कांग्रेस को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने की जरूरत है, जबकि भाजपा अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस इस चुनौती का सामना कैसे करती है और क्या वह अपनी स्थिति सुधारने के लिए कोई बड़ा कदम उठाती है।




#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!