कोरिया, 01 फरवरी 2025: जिले में इस खरीफ वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। कुल 20,306 किसानों ने अपनी उपज को समर्थन मूल्य पर बेचा, जिससे 128,475.12 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। इस बार खरीदी का आंकड़ा पिछले वर्ष से अधिक रहा, जिसमें किसानों को 295.49 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया गया।
कलेक्टर ने देर रात तक संभाली कमान
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी धान खरीदी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए थीं। वे न केवल प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश देती रहीं बल्कि खुद उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेती रहीं। अधिकारियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया गया।
धान उठाव में तेजी: 75% से अधिक स्टॉक हटाया गया
धान खरीदी के बाद उठाव की प्रक्रिया भी तेजी से की जा रही है। 14 राइस मिलों के साथ अनुबंध किया गया, जिनमें से अब तक 84,320 मीट्रिक टन धान मिलों को भेजा जा चुका है, जबकि 11,726.57 मीट्रिक टन धान संग्रहण केंद्रों में पहुंचाया गया। इस तरह कुल 96,046.57 मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है, जो कुल खरीदी का 75 प्रतिशत है।
ऋण वसूली में भी बड़ी सफलता
इस खरीफ सत्र में किसानों को 51.19 करोड़ रुपए का कृषि ऋण प्रदान किया गया था, जिसमें से अब तक 48.80 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। यह दर्शाता है कि किसानों ने अपनी उपज बेचने के बाद ऋण चुकाने में भी रुचि दिखाई है।
अवैध धान भंडारण पर कड़ी कार्रवाई, 13 प्रकरण दर्ज
जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन की लगातार निगरानी की गई, जिसके चलते 13 मामलों में कानूनी कार्रवाई की गई। प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी के कारण इस बार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सफलता मिली।
धान खरीदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने किसानों को राहत दी है और जिले के कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा भरी है।