पंचायत चुनाव में एकजुटता का संदेश, विरोधियों पर होगी कार्रवाई: भाजपा जिलाध्यक्ष

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि "कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं और हमें पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ना है। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता संगठित होकर कार्य करें। संगठन हमेशा योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को समाज सेवा के अवसर देता है।"


पार्टी विरोधी गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई


भाजपा ने सख्त रुख अपनाते हुए पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि पार्टी पहले ही कार्यकर्ताओं को निर्देश दे चुकी थी कि वे अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव न लड़ें, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने अनुशासन का उल्लंघन किया है। ऐसे कार्यकर्ताओं को चिन्हांकित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने कहा, "जो कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, वे 10 फरवरी 2025 तक जिला कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें। अन्यथा, उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।"


मंडल अध्यक्षों से मांगी गई रिपोर्ट


भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिले के सभी मंडल अध्यक्षों से पत्र लिखकर जानकारी मांगी है कि कौन-कौन से कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार कर रहे हैं या उनका समर्थन कर रहे हैं। मंडल अध्यक्षों द्वारा भेजी गई सूची को प्रमाणित मानते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


कार्यकर्ताओं से एकजुटता की अपील


भाजपा जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अनुशासन का पालन करें और पार्टी द्वारा समर्थित प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दें। उन्होंने कहा  कि पंचायत चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत ही जीत का आधार बनेगी और भाजपा प्रचंड बहुमत से विजयी होगी।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!