छत्तीसगढ़ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: लाइन में लगकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपरिवार किया मतदान

Chandrakant Pargir

 


जशपुर  23 फरवरी। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गृहग्राम बगीया के प्राथमिक शाला मतदान केंद्र में सपरिवार मतदान किया। मुख्यमंत्री अपनी मां जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कतार में खड़े होकर अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का निर्वहन करते नजर आए। मुख्यमंत्री का इस तरह से आम मतदाताओं के साथ कतार में लगकर मतदान करना लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा।



मतदान के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने आदर्श मतदान केंद्र में बने सेल्फी जोन में परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाई।



मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग, युवा, महिलाएं, पुरुष और दिव्यांग मतदाता बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासन ने भी सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



चुनाव आयोग के अनुसार, तीसरे चरण में मतदाताओं की भागीदारी उम्मीद से अधिक देखी जा रही है। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें इस बात का प्रमाण हैं कि लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर बेहद जागरूक हैं। चुनाव अधिकारियों ने भी मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विशेष प्रयास किए हैं।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सपरिवार मतदान करना न सिर्फ लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाता है, बल्कि प्रदेशवासियों के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देता है।




 




 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!