कांग्रेस में असंतोष: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, उम्मीदवार चयन पर उठाए सवाल

Chandrakant Pargir

 


एमसीबी। चिरमिरी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी में टिकट वितरण को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने चिरमिरी नगर निगम में महापौर पद के प्रत्याशी और पार्टी की पार्षदों की सूची पर नाराजगी जताते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उम्मीदवार चयन में नियमों की अनदेखी की और ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया, जिसका नाम ब्लॉक स्तर पर दावेदारी सूची में शामिल ही नहीं था।


"मैं अपमानित महसूस कर रहा हूँ"


इस्तीफा देने वाले अध्यक्ष ने कहा, "पार्टी ने सूची से बाहर के व्यक्ति को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है, जबकि वे लोग जो लगातार पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं, उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। मैं इस निर्णय से खुद को अपमानित महसूस कर रहा हूँ।"


विनय जायसवाल पर लगाए गंभीर आरोप


उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी विनय जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "विनय जायसवाल विधायक रहते हुए संगठन को जूते की नोक पर रखते थे और संगठन का महत्व नहीं देते थे। आज भी उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को नजरअंदाज कर यह साबित कर दिया है कि संगठन की कोई औकात नहीं है।"


"चुनाव में शामिल नहीं होऊंगा"


उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे विनय जायसवाल के चुनाव में किसी भी तरह की भागीदारी नहीं करेंगे। उनका कहना है कि पार्टी की जारी सूची में ऐसे नाम शामिल हैं, जो कभी पार्टी के कार्यक्रमों में नजर नहीं आते।


संगठन के महत्व को लेकर सवाल


ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठन को महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह पूरी प्रक्रिया संगठन के महत्व को खत्म करने की ओर इशारा करती है। इससे मुझे गहरी पीड़ा हुई है।"


पार्टी में असंतोष गहराया


इस घटनाक्रम ने कांग्रेस पार्टी के भीतर गहराते असंतोष को उजागर कर दिया है। चुनावी माहौल में इस तरह की बगावत पार्टी के लिए चिंता का विषय बन सकती है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस असंतोष को कैसे संभालता है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!