ओबीसी आरक्षण समाप्ति पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, भाजपा सरकार पर निशाना

Chandrakant Pargir

 


कोरिया। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में ओबीसी आरक्षण समाप्त किए जाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों पर हमला बताया।


धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दुर्भावनापूर्ण तरीके से आरक्षण प्रावधानों में संशोधन कर ओबीसी वर्ग को उनके राजनीतिक और सामाजिक अधिकारों से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग की बड़ी आबादी होने के बावजूद उनके प्रतिनिधित्व को खत्म करना अन्यायपूर्ण है।


प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ओबीसी आरक्षण को बहाल करने, संशोधित प्रावधानों को रद्द करने और ओबीसी वर्ग के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने इसे भाजपा सरकार की "आरक्षण विरोधी मानसिकता" करार दिया।


इस मौके पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अम्बिका सिंह देव, पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर, प्रदेश संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धरने में मुख्तार अहमद, बृजवासी तिवारी, चंद्रप्रकाश राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, शारदा दुबे, सुमन दुबे, दीपक गुप्ता, आशीष यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।


धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ओबीसी वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!