नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता को लेकर बड़ा बदलाव किया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर यान नियम, 1989 में संशोधन करते हुए प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता अवधि वाहन के उत्सर्जन मानक, श्रेणी और उम्र के आधार पर निर्धारित कर दी है। इस संबंध में 13 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की गई है, जो राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से लागू होगी।
नए नियम के अनुसार, बीएस-2 और बीएस-3 मानक वाले सभी वाहनों का प्रदूषण प्रमाणपत्र केवल तीन महीने के लिए वैध रहेगा। वहीं बीएस-4 मानक वाले वाहनों के लिए प्रमाणपत्र की वैधता छह महीने निर्धारित की गई है।
बीएस-6 निजी वाहनों को मिलेगी राहत
बीएस-6 मानक वाले निजी यानी गैर-परिवहन वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। ऐसे वाहनों को पहले पंजीकरण की तारीख से छह वर्ष तक हर तीन साल में एक बार प्रदूषण प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा। छह वर्ष से अधिक और दस वर्ष तक पुराने वाहनों को हर साल प्रमाणपत्र बनवाना होगा। वहीं दस वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर छह महीने में प्रदूषण जांच कराना अनिवार्य होगा।
व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग नियम
बीएस-6 मानक वाले परिवहन यानी व्यावसायिक वाहनों के लिए पहले छह वर्ष तक प्रत्येक दो साल में प्रदूषण प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा। छह वर्ष से अधिक और दस वर्ष तक पुराने वाहनों के लिए यह अवधि एक साल होगी। दस वर्ष से अधिक पुराने परिवहन वाहनों को प्रत्येक छह महीने में नया प्रदूषण प्रमाणपत्र लेना होगा।
पुराने प्रमाणपत्रों पर कब लागू होगा नया नियम?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि संशोधन लागू होने से पहले जिन वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र जारी हो चुके हैं, उन पर नई वैधता अवधि तत्काल लागू नहीं होगी। ऐसे प्रमाणपत्रों पर नए नियम का प्रभाव उनके अगले नवीनीकरण के समय से लागू होगा।
वाहन चालकों के लिए जरूरी बात
नए नियम के तहत प्रत्येक वाहन में राज्य सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसी से जारी वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। यातायात या अधिकृत जांच अधिकारी द्वारा मांगे जाने पर वाहन चालक को प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। नियमों का उद्देश्य वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के साथ-साथ अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए जांच की अवधि निर्धारित करना है।

