बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से लगे ग्राम पंचायत कंचनपुर में शिव मंदिर के ऊपर स्थित गेज पुलिया के पास गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और उनके टूटने की आशंका जताई गई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक अपनी सही साइड से जा रहा था, तभी सामने से आ रही बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के लिए बोलेरो चालक की लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने को जिम्मेदार बताया है।
हादसे के बाद बोलेरो को आनन-फानन में घटनास्थल से हटा लिया गया। स्थानीय स्तर पर वाहन को हटाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि कहीं वाहन की पहचान छिपाने के उद्देश्य से तो उसे मौके से नहीं हटाया गया। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता जताई जा रही है। अब यह देखना होगा कि पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों और बोलेरो चालक की भूमिका का पता लगाती है या नहीं।



