लोकतंत्र बचाओ सप्ताह में कांग्रेस का प्रदर्शन, बैकुंठपुर में निकला ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर जताया विरोध

Chandrakant Pargir


 

 

बैकुंठपुर, 6 अक्टूबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने मंगलवार को लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ पैदल मार्च निकाला और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।




कार्यक्रम की शुरुआत राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय, बैकुंठपुर में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता से हुई। पत्रकार वार्ता के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजन राजीव भवन से गांधी पार्क स्थित प्रतिमा स्थल तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।

गांधी पार्क में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया गया। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर अभियान चला रही है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता एवं स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाते हुए इन मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, यवत सिंह, संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव लल्ला, सुरेश सिंह, अजीत लकड़ा, वरिष्ठ मुख्तार अहमद, हेमसागर यादव सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, संगठन अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मंडल, सेक्टर, बूथ, पंचायत पदाधिकारी और बीएलए सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!