घर के सामने मुक्तिधाम निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

Chandrakant Pargir


 

बैकुंठपुर । कोरिया जिले के।पटना तहसील अंतर्गत ग्राम चिरगुड़ा में घर के सामने मुक्तिधाम बनाए जाने का मामला अब कलेक्टर कार्यालय तक पहुंच गया है। ग्रामीण ओमकार प्रसाद कुल्हारा सहित ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर प्रस्तावित स्थल पर मुक्तिधाम निर्माण रोकने और इसे खर्रा नाला अथवा इमलीपारा स्थित पनभारवा तालाब के पास बनाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के पास पूर्व में मुक्तिधाम संचालित था और वही स्थान इसके लिए उपयुक्त है।


आवेदन में बताया गया है कि वर्तमान में जिस स्थान पर मुक्तिधाम का निर्माण कराया जा रहा है, उसके आसपास घरों के साथ शासकीय प्राथमिक विद्यालय और उचित मूल्य की दुकान भी स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी एवं विद्यालय के नजदीक मुक्तिधाम बनने से भविष्य में स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को असुविधा हो सकती है। इस संबंध में पूर्व में ग्राम पंचायत, संबंधित अधिकारियों और जनदर्शन में शिकायत की गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्य रुक गया था, लेकिन संबंधित अधिकारी के तबादले के बाद दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत किए जाने की बात कही है।


मूलभूत सुविधाओं की भी उठाई मांग

आवेदन में ग्रामीणों ने गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं का भी उल्लेख किया है। ओमकार प्रसाद कुल्हारा ने बताया कि उनके घर तक नल-जल योजना की पाइपलाइन नहीं पहुंची है, जबकि आसपास के अन्य घरों को इसका लाभ मिल रहा है। घर तक आने-जाने के लिए उचित रास्ता नहीं होने तथा पास लगे बिजली के खंभे से विद्युत सुविधा नहीं मिलने की समस्या भी बताई गई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुक्तिधाम के स्थल का निरीक्षण कराकर निर्माण को आबादी से दूर उपयुक्त स्थान पर कराने तथा घर तक पानी, सड़क और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!