बैकुंठपुर। कोरिया जिले के मदनपुर में रविवार शाम करीब 6 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही मां पर हसिया से जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आरोपी ने हसिया से महिला की गर्दन पर वार करते हुए उसे काटने की कोशिश की। इस दौरान महिला के जबड़े पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि हमला होते ही महिला के छोटे बेटे अब्दुल अरमान ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह अपने भाई को काबू में किया। महिला की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आरोपी युवक को रस्सी से बांध दिया, ताकि वह दोबारा किसी पर हमला न कर सके। इसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
छोटे बेटे ने बताई भाई की मानसिक स्थिति
घटना के संबंध में घायल महिला के छोटे बेटे अब्दुल अरमान ने बताया कि उसके भाई की दिमागी हालत ठीक नहीं है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से वह सामान्य था और उसकी स्थिति ठीक लग रही थी। ऐसे में अचानक उसने अपनी मां पर इस तरह हमला क्यों किया, यह परिवार के लोगों के लिए भी समझ से परे है। अब्दुल अरमान के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी को फिलहाल घर में ही बांधकर रखा गया है, ताकि वह किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचा सके।
घटना के बाद गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, घायल महिला की हालत को देखते हुए परिजन चिंतित हैं। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी ने किस वजह से अपनी मां पर हमला किया।

