रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मितानिन कल्याण कोष योजना के तहत लंबे समय से लंबित लगभग 2300 दावा प्रकरणों का निराकरण कर पात्र मितानिनों एवं उनके परिवारों के बैंक खातों में 659.42 लाख रुपये (करीब 6.59 करोड़ रुपये) की सहायता राशि हस्तांतरित की गई है। इससे हजारों मितानिन परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
मितानिन कल्याण कोष राज्य शासन की एक विशेष सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके माध्यम से मितानिनों और उनके परिवारों को विभिन्न परिस्थितियों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत शिक्षा प्रोत्साहन राशि, मेधावी बच्चों के लिए उच्च शिक्षा सहायता, मातृत्व सहायता, पति की मृत्यु पर सहायता, कन्या विवाह सहायता, मितानिन की मृत्यु पर परिवार को आर्थिक सहयोग, वृद्धावस्था सहायता तथा अन्य आकस्मिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लंबे समय से लंबित दावा प्रकरणों के कारण मितानिनों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (SHSRC) – सोसायटी फॉर एक्शन इन कम्युनिटी हेल्थ (SACH) ने सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण कर सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आगामी वित्तीय वर्षों के लंबित दावा प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण किया जाएगा, ताकि पात्र मितानिनों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

