बैकुंठपुर। कोरिया जिले के जिलामुख्यालय बैकुंठपुर की रहने वाली भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी नेहा शर्मा को उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वर्ष 2010 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी नेहा शर्मा को हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल में चिकित्सा शिक्षा विभाग का महानिदेशक एवं सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनकी अब तक की उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं और प्रभावी कार्यशैली का परिणाम मानी जा रही है।
13 फरवरी 1984 को बैकुंठपुर में चिकित्सक परिवार में जन्मी नेहा शर्मा ने प्रारंभिक शिक्षा के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस से भूगोल विषय में बी.ए. (ऑनर्स) तथा दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से भूगोल में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2010 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया।
अपने प्रशासनिक जीवन में नेहा शर्मा ने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वर्ष 2013-14 में कानपुर सदर की उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में उन्होंने अवैध भूमि पट्टों को निरस्त कर सख्त प्रशासनिक छवि बनाई। इसके बाद वर्ष 2017 में फिरोजाबाद की जिलाधिकारी के रूप में विकास कार्यों को गति दी। सितंबर 2020 से जून 2022 तक नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) के रूप में शहरी विकास और आधारभूत संरचना परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जून 2022 में स्थानीय निकाय निदेशक के रूप में शहरी निकायों में सुधार संबंधी कार्यों का नेतृत्व किया।
जनवरी 2023 में उन्हें कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया, जहां उन्होंने शहर के विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती प्रदान की। जून 2023 से जुलाई 2025 तक गोंडा की जिलाधिकारी रहते हुए कानून-व्यवस्था, राजस्व प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सराहना प्राप्त की। इसके बाद जुलाई 2025 से जुलाई 2026 तक स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग में महानिरीक्षक (आईजी रजिस्ट्रेशन) के रूप में संपत्ति पंजीयन व्यवस्था के डिजिटलीकरण और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए।
अब उन्हें चिकित्सा शिक्षा विभाग का महानिदेशक एवं सचिव नियुक्त किया गया है। इस पद पर वे उत्तर प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा, मेडिकल कॉलेजों के संचालन, स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार तथा नीतिगत क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगी। बैकुंठपुर सहित पूरे क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां की बेटी आज देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक के महत्वपूर्ण विभाग का नेतृत्व कर रही हैं।


