नौगई तिहरे हत्याकांड: क्षत्रिय महासभा ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सात सूत्रीय मांगें रखीं

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, कोरिया (छत्तीसगढ़) ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। समाज ने घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं सहायता प्रदान करने की मांग की है।





ज्ञापन में कहा गया है कि नौगई की विभत्स घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर उपचाररत हैं। समाज ने कहा कि इस घटना से आमजन में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हुई है।


क्षत्रिय महासभा ने सात प्रमुख मांगें रखते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिलाने, आरोपियों के अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई, पीड़ित परिवार एवं गवाहों की सुरक्षा, मृतकों के बच्चों की शिक्षा का खर्च राज्य शासन द्वारा वहन करने तथा घायलों के उपचार का पूरा खर्च शासन से कराने की मांग की है।




ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मामले में पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए बयान से जांच की निष्पक्षता पर संदेह उत्पन्न हुआ है। इसलिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उनके स्थानांतरण एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही आरक्षक के  कथित संबंधों एवं आरोपियों से निकटता की जांच कर उन्हें कोरिया जिले के सीमावर्ती जिलों से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की भी मांग की गई है।


अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाज आगे व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!