वन भूमि पर बिना एनओसी सड़क निर्माण! चिरमिरी में करोड़ों की योजना पर उठे सवाल, मामला कोरिया वन मंडल के बैकुंठपुर परिक्षेत्र का

Chandrakant Pargir

 


कोरिया/ एमसीबी/चिरमिरी। नगर पालिक निगम चिरमिरी द्वारा कोरिया कॉलरी से सिद्ध बाबा मंदिर तक बनाई जा रही सड़क एवं रिटर्निंग वॉल के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन तरीके से किया जा रहा है। वहीं, बिना वन विभाग की अनापत्ति (एनओसी) के वन भूमि पर निर्माण और घाट कटिंग किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।




बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य वन मण्डल कोरिया के कक्ष क्रमांक 513 की वन भूमि से होकर किया जा रहा है। आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए जंगल क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और पहाड़ी की घाट कटिंग की गई है, जबकि वन विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या संबंधित अधिकारियों की मौन स्वीकृति से यह कार्य कराया जा रहा है या फिर नियमों को दरकिनार कर निर्माण कराया जा रहा है। इस पूरे मामले में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।



निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्षद द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने के बावजूद निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की इस सड़क योजना में ठेकेदार मनमानी कर रहा है, जबकि नगर पालिक निगम के तकनीकी अधिकारी प्रभावी निगरानी नहीं कर रहे हैं। इससे शासन की महत्वपूर्ण योजना की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।



क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने तथा वन भूमि पर बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण की वैधानिक जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल यह मामला नगर पालिक निगम और वन विभाग दोनों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!