बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट खराब, ट्यूबलर पोल और लाइट कार्यों की जांच की मांग

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर में स्ट्रीट लाइट एवं ट्यूबलर पोल के कार्यों में गुणवत्ता को लेकर भाजपा नेता एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात कर तथा नपा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर स्ट्रीट लाइट कार्यों में कथित रूप से गुणवत्ता विहीन लाइटें और अमानक स्तर के तार लगाए जाने की शिकायत करते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।



ज्ञापन में शारदा गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपये की लागत से ट्यूबलर पोल सह स्ट्रीट लाइट के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके बावजूद शहर में जगह-जगह लगी नई लाइटें भी खराब पड़ी हैं और वर्तमान में कराए जा रहे कार्यों में भी मानक के अनुरूप सामग्री के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सामने दिखाई देने वाले विद्युत उपकरणों और तारों में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है तो ट्यूबलर पोल के कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच आवश्यक है।



शारदा गुप्ता ने कहा कि शासन द्वारा नगर विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत से शासन की मंशा पर पानी फिर रहा है। बरसात के मौसम में खराब स्ट्रीट लाइट के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने इस संबंध में नगरीय प्रशासन के अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। 





साथ ही चेतावनी दी है कि शीघ्र जांच और कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रालय एवं उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी। नगर पालिका अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद जांच और कार्रवाई कब तक होती है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!