बैकुंठपुर। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में 20 मई 2026 को देशभर में प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी केमिस्ट हड़ताल को लेकर जिला कोरिया औषधि विक्रेता संघ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर आयोजित इस एक दिवसीय बंद में देशभर के लगभग 12.40 लाख केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट शामिल होंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य, मरीज सुरक्षा और दवा व्यवसाय से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
जिला कोरिया औषधि विक्रेता संघ के सचिव नंदकिशोर राजवाड़े ने सहायक औषधि संचालक को भेजे पत्र में बताया कि बंद के दौरान आम मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए जन औषधि केंद्रों और रेडक्रॉस दवा दुकानों को बंद से बाहर रखा गया है। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रवार प्रतिनिधियों और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
इमरजेंसी संपर्क नंबर इस प्रकार हैं —
वैकुंठपुर – 9617863603, 9907929190, 9770191001
चिरमिरी – 9770959355, 8770899219
मनेन्द्रगढ़ – 7000817002, 9425583260
पटना – 9424259219
जनकपुर – 8120800880, 9770275134
केल्हारी – 9753375163
संघ ने कहा है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीज इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक दवाएं प्राप्त कर सकते हैं।
इधर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि राज्य में आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जनऔषधि केंद्र, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय अस्पताल, नर्सिंग होम और अन्य औषधि वितरण केंद्रों में दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक दवाओं का संग्रह न करें तथा नियमित दवा लेने वाले मरीज चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पहले से लेकर रखें। शासन ने कहा है कि जनस्वास्थ्य और मरीज हित सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

