एमसीबी/चिरमिरी, 17 मई। एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जगद्गुरु रामभद्राचार्य के श्रीमुख से आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व हजारों महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। पूरे शहर में जय श्रीराम के जयघोष और भक्ति गीतों से माहौल राममय हो गया।
इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पूरा चिरमिरी राममय हो गया है, राम जी की कृपा से ही यह संभव हो पाया है, रामजी ही पूज्यनीय महाराज जी को लाए है, कथा रामजी ही करवा रहे है। ऐसा सामर्थ्य सिर्फ और सिर्फ रामजी की ही कृपा से संभव है, उन्होंने लोगो से अपील की है कि इस पावन कथा में आकर उसका लाभ उठाए।
यह श्रीराम कथा 17 मई से प्रारंभ होकर 26 मई तक चलेगी। कथा के प्रथम दिन सुबह 10 बजे चिरमिरी के बाद बाजार स्थित सीताकुंड से कलश यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा गोदरी पारा मुख्य मार्ग से होते हुए लगभग चार किलोमीटर की दूरी तय कर लाल बहादुर शास्त्री मैदान स्थित कथा स्थल पहुंचकर संपन्न हुई।
कलश यात्रा में कथावाचक जगद्गुरु रामभद्राचार्य रथ पर सवार होकर शामिल हुए। इस दौरान राम दरबार की आकर्षक झांकी और हनुमानजी के स्वरूप ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ कलश यात्रा में सहभागिता निभाई और आयोजन की सराहना की। मंत्री जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, नौ दिनों तक चलने वाली इस रामकथा में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा को लेकर चिरमिरी शहर में विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।





