मनेंद्रगढ़। जिले के लिए गर्व का विषय है कि यहां की एकमात्र चयनित महिला अभ्यर्थी अफसाना अंसारी ने सब इंस्पेक्टर पद पर सफलता हासिल कर नया मुकाम स्थापित किया है। लंबे समय तक वर्दी विभाग में करीब 14 वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
उनकी इस सफलता के पीछे परिवार का पूरा सहयोग रहा। माता-पिता के साथ ही उनके भाई सलमान अंसारी, जो असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
सब इंस्पेक्टर के रूप में चयन के बाद उनकी ट्रेनिंग 3 मार्च 2025 से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेट पुलिस अकादमी में शुरू हुई, जो 30 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण हुई। प्रशिक्षण के दौरान मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और डीजीपी द्वारा प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया।
खेलकूद में भी उनका विशेष रुझान रहा है। वे पहले से ही हाई जंप और एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताओं में सक्रिय रही हैं, जिससे उनके व्यक्तित्व में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास हुआ।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे मनेंद्रगढ़ भरतपुर चिरमिरी जिले में खुशी का माहौल है और युवा पीढ़ी को एक नई प्रेरणा मिली है।


