बैकुंठपुर। शहर के झुमका बोट क्लब में सुविधाओं की कमी को लेकर पर्यटकों की नाराज़गी सामने आई है। बाहर से आए अपने परिवार और दोस्तों को घुमाने पहुंचे विशाल गुप्ता ने सोशल मीडिया पर बोटिंग का वीडियो साझा करते हुए व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि 900 रुपये का टिकट लेने के बावजूद बोट पर अंधेरा था और एक भी लाइट चालू नहीं थी। कई बार कहने के बाद भी बोट की लाइट नहीं जलाई गई, जिससे मेहमानों के सामने उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस तरह की लापरवाही की शिकायत आखिर कहाँ की जाए और क्या यात्रियों को उनका पैसा वापस मिलेगा। वहीं बोट क्लब में पार्किंग शुल्क को लेकर भी लोगों ने नाराज़गी जताई है। यहां कार पार्किंग के लिए सबसे ज्यादा चार पहिया वाहन के लिए 50 रुपये और बाइक के लिए 20 रुपये वसूले जा रहे हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर पर्यटकों को निराशा ही हाथ लग रही है।
सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। ज्योत्सना जैन ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि “कबाड़ व्यवस्था देकर जोरदार पैसा वसूलना सही नहीं है, जब जनता से पैसा लिया जा रहा है तो सुविधाएं भी बेहतर होनी चाहिए।” वहीं सुदीप अग्रवाल ने लिखा कि “बोट में जनरेटर खराब है, छोटे जनरेटर से काम चलाया जा रहा है, पेज में लाइट नहीं है और कैंटीन में भी कुछ उपलब्ध नहीं है, व्यवस्था काफी खराब है।” अनूपम सोनी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “सबसे छोटा जिला और भ्रष्टाचार सबसे बड़ा है।” वहीं सत्यम गुप्ता ने बताया कि होली के दूसरे दिन जब वह परिवार के साथ पहुंचे तो गेट पर अव्यवस्था दिखी और एक व्यक्ति शराब के नशे में गाड़ियों के सामने आकर पैसे मांगने लगा।
लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद लोगों ने बोट क्लब में शिकायत पेटी लगाने और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और जिले की पर्यटन छवि भी खराब न हो।



