बैकुंठपुर |जिला कोरिया के बैकुंठपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव महुआ पारा में एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर गाय और उसके दूधमुंहे बछड़े को क्रूरता पूर्वक मारने का आरोप लगाया गया है। घटना में गाय और उसके बछड़े दोनों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय गौ सेवक मामले को लेकर चरचा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।
गौ सेवक अनुराग दुबे, गौ सेवक अनिल खटिक और गौ सेवक रिचेश सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। वहीं गौ सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



