बैकुंठपुर (कोरिया), 08 मार्च 2026। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा रविवार को कुमार चौक में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये तथा कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तु के दाम बढ़ने से आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़ी हुई गैस कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण करने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। यदि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीर भट्टाचार्य, हेमसागर यादव, बिहारी लाल राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, आशीष यादव, कृष्ण कुमार राजवाड़े, अनिल जायसवाल, यूसुफ इराकी, आशीष डबरे, दीपक गुप्ता, राजीव गुप्ता, जाग्रत कुर्रे, रियाजउद्दीन, एजाज़ गुड्डू, एस.एन. मोदी, संजोती मरकाम, अन्नपूर्णा सिंह, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



