बैकुंठपुर। जिला अस्पताल बैकुंठपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन सख्त हो गया है। अस्पताल की दीवारों और परिसर में मरीजों के परिजनों द्वारा तंबाखू व गुटखा खाकर थूकने से गंदगी फैलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसे प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ आयुष जायसवाल के निर्देश पर अब अस्पताल के मुख्य द्वार पर जांच अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत अस्पताल में प्रवेश करने वाले मरीजों के परिजनों की चेकिंग की जा रही है। जांच के दौरान जिनके पास से गुटखा और तंबाखू के पाउच मिल रहे हैं, उन्हें मौके पर ही जब्त कर डस्टबिन में नष्ट किया जा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखना और मरीजों को साफ-सुथरा व स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराना है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जाएगी।
साथ ही अस्पताल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अस्पताल परिसर में तंबाखू व गुटखा का सेवन न करें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

