बैकुंठपुर (कोरिया)। देवरहा बाबा सेवा समिति बैकुंठपुर के तत्वावधान में आयोजित श्री संकट मोचन हनुमत सप्त दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार 10 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। प्रेमाबाग मंदिर प्रांगण से निकली इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
कलश यात्रा का शुभारंभ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं समिति के अध्यक्ष शैलेश शिवहरे की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरे मार्ग में जयकारों व धार्मिक भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यात्रा प्रेमाबाग मंदिर से शुरू होकर जनपद चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा फव्वारा चौक होते हुए कुमार चौक पहुंची, जहां पीली वेशभूषा में युवाओं ने आकर्षक धार्मिक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नृत्य और भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इसके पश्चात कलश यात्रा एसईसीएल चौक पहुंची और वहां से पुनः प्रेमाबाग मंदिर परिसर लौटकर सम्पन्न हुई। यात्रा के समापन के साथ ही विधिवत पूजन-अर्चन कर सात दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पिछले करीब 30 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।







