बैकुंठपुर, कोरिया । होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन मीटिंग हॉल, बैकुंठपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, अपर कलेक्टर सुरेंद्र वैद्य, एसडीएम उमेश पटेल, एसडीओपी राजेश साहू एवं डीएसपी श्याम मधुकर की उपस्थिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई।
बैठक में प्रशासन द्वारा होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गई तथा जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। अधिकारियों ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए।
प्रमुख निर्देश इस प्रकार दिए गए—
होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
रंग लगाते समय कीचड़, पेंट आदि का उपयोग न करें।
डीजे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
शराब पीकर वाहन न चलाएं एवं तीन सवारी न बैठाएं।
मुस्लिम समुदाय के लोगों पर जबरन रंग न लगाएं।
होलिका दहन निर्धारित समय पर करें।
अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर उत्तेजक पोस्ट न डालें।
राहगीरों पर जबरदस्ती रंग न डालें।
मुखौटे का प्रयोग न करें।
बीच सड़क या विद्युत तारों के नीचे होलिका दहन न करें।
पुलिस प्रशासन ने अवगत कराया कि होली ड्यूटी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ड्रोन से निगरानी की जाएगी तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी की जाएगी। न्यूनतम रिस्पांस टाइम में पुलिस टीम मौके पर पहुंचेगी। कंट्रोल रूम में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तैनात रहेंगे। महिला पुलिस बल, क्यूआरटी टीम एवं विशेष कमांडो दल भी सक्रिय रहेंगे।
बैठक में जनप्रतिनिधि शैलेश शिवहरे, सुभाष साहू, अनिल खटीक सहित सरपंच, पंच, पार्षदगण, सखी वन स्टाफ सेंटर एवं महिला परामर्श केंद्र के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को आपसी सद्भाव, शांति और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

