बैकुंठपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग–43 से होकर बैकुंठपुर की ओर बीएसएनएल की पाइपलाइन बिछाने का कार्य इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि यह कार्य बिना विधिवत अनुमति के कराया जा रहा है। इस संबंध में जब एनएच से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी किसी अनुमति की जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार, सड़क के एक ओर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसके लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई है। वहीं ठीक दूसरी ओर बीएसएनएल की पाइपलाइन डाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम प्रायः रात के समय किया जाता है, जबकि दिन में कार्य बंद रहता है। मौके पर मौजूद मुंशी ने अनुमति संबंधी जानकारी देने में असमर्थता जताते हुए कहा कि इस बारे में ठेकेदार ही बता सकते हैं। संबंधित कंपनी है भारत संचार निगम लिमिटेड।
सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा को लेकर जताई जा रही है। यदि बिना उचित अनुमति और संकेतकों के खुदाई कार्य किया जा रहा है तो किसी वाहन के गड्ढे में गिरने या अन्य दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। नियमों के तहत कार्य स्थल पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और प्रकाश की व्यवस्था अनिवार्य मानी जाती है, ताकि राहगीरों को पूर्व सूचना मिल सके। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर स्पष्ट स्थिति सामने लाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की




