कोरिया/बैकुंठपुर। नगर पालिका बैकुंठपुर के उपाध्यक्ष आशीष यादव (लल्ला) ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि “मुख्यमंत्री जी के हाथों जिस शिलान्यास पत्थर का अनावरण हुआ, आज वही पत्थर धूल में पड़ा मिला। शिलान्यास के समय फोटो और वाहवाही लूट ली गई, लेकिन बाद में सम्मान देना भी जरूरी नहीं समझा गया। क्या यही है प्रशासन का ‘विकास मॉडल’? यह पत्थर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सम्मान को फेंका गया है।”
आशीष यादव का यह पोस्ट ऐसे समय आया है जब विष्णु देव साय का जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि “एक तरफ मुख्यमंत्री जी का जन्मदिन बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है, केक काटे जा रहे हैं, बधाइयों की बाढ़ आई है… और दूसरी तरफ उन्हीं के हाथों किया गया शिलान्यास पत्थर आज धूल में पड़ा हुआ है।”
दरअसल, हाल ही में आयोजित कोरिया महोत्सव के बाद कार्यक्रम स्थल से टेंट, डोम और अन्य सामग्री हटाई जा रही है। इसी दौरान शिलान्यास एवं लोकार्पण के पत्थर एक ओर रखे हुए दिखाई दिए, जिन्हें लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नपा उपाध्यक्ष श्री यादव का कहना है कि इन शिलालेखों को निर्माण स्थल पर विधिवत स्थापित किया जाना चाहिए था। जबकि कई धूल में पड़े है, इधर उधर बिखरे पड़े है। जबकि आज मुख्यमंत्री जी का जन्मदिन है, फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की ओर से इस मामले में किस तरह की कार्यवाही की जाती है।



