बैकुंठपुर–कोरिया। कोरिया जिले के प्रथम दैनिक समाचार पत्र सम्यक क्रांति के स्वर्ण जयंती वर्ष (50 वर्ष पूर्ण) पर स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदेय एवं संस्थापक स्व. रुद्र प्रसाद रूप के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि कोरिया जिले की ऐतिहासिक धरोहर रहे अभियान, सम्यक संपर्क और सम्यक क्रांति ने 50 वर्षों में नई गाथा लिखी है। उन्होंने 1975 की इमरजेंसी के दौर को याद करते हुए बताया कि ‘अभियान’ पत्रिका पर रोक लगा दी गई थी, जिसका संचालन स्व. रुद्र प्रसाद रूप एवं स्व. त्रिपुरारी पांडे ने संयुक्त रूप से किया था।
प्रधान संपादक दुष्यंत कुमार ने स्थापना से लेकर वर्तमान तक के संघर्ष, प्रगति और स्थायित्व पर प्रकाश डाला। संपादक, समाजसेवक व साहित्यकार संवर्त कुमार ‘रूप’ ने 50 वर्षों की जनहितार्थ पत्रकारिता और संस्थापक रुद्र प्रसाद रूप के जीवन पर विस्तार से जानकारी दी। मुख्य महाप्रबंधक लीना धुरिया ने आशीर्वचन दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा ने कहा कि 50 वर्षों का यह कालखंड सरल नहीं था, लेकिन सम्यक क्रांति परिवार ने इसे कर दिखाया। पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेश शिवहरे ने इसे जनहित की पत्रकारिता की मिसाल बताते हुए रुद्र प्रसाद रूप के संघर्ष और कोरिया को जिला बनाने की मांग में उनके योगदान को याद किया। भाजपा नेता सुभाष साहू और वरिष्ठ भाजपा नेता भानुपाल ने भी 50 वर्ष पूर्ण होने को कीर्तिमान बताया।
जिला पंचायत सदस्य सौभाग्यवती सिंह कुसरो ने कहा कि सम्यक क्रांति ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का दायित्व बखूबी निभाया है। नपा अध्यक्ष नविता शिवहरे ने इसे ज्ञान और विवेक की क्रांति बताया, जबकि नपा अध्यक्ष पटना गायत्री सिंह ने भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया। वरिष्ठ पत्रकार चंद्रकांत पारगिर ने इसे संघर्ष, समर्पण और विश्वास की यात्रा बताते हुए कहा कि पिता के सपनों को उनके पुत्र दुष्यंत और संवर्त ने नई ऊर्जा दी है। वरिष्ठ साहित्यकार शिक्षक ताहिर आज़मी, शिक्षक संजीव जायसवाल, युवा नेता व साहित्यकार शारदा गुप्ता तथा युवा समाजसेवी प्रशांत राजवाड़े ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सम्यक क्रांति परिवार को बधाई दी।
समारोह में केक काटकर 50 वर्ष बेमिसाल का जश्न मनाया गया। संचालन संवर्त कुमार ‘रूप’ ने किया। कार्यक्रम में देवेंद्र तिवारी, मोहित राम पैकरा, नविता शिवहरे, गायत्री सिंह, अनिल खटीक, शैलेष शिवहरे, भानुपाल, सौभाग्यवती सिंह कुसरो, सतेंद्र राजवाड़े, रमेश तिवारी, तीरथ राजवाड़े, सिकंदर सिंह, बबली सिंह, वी क्लब की महिलाएं, राम अवतार कुशवाहा, मनीष सिंह, प्रभाकर सिंह, मोनू मांझी, शुभांक सुर्वे, अनुराग गुप्ता, चंद्रकांत पारगिर, संजीव जायसवाल, सुनील मिश्रा, महेश मिश्रा, अरुण जैन, मनोज सिंह, अमित पांडे, हर्षित राय, गुलाब गुप्ता, राजीव जायसवाल, मनोज राय, प्रशांत राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में अतिथि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यालय स्टाफ आशीष साहू, सावित्री, निर्जला गुप्ता, दुवेश, करण कुमार गुप्ता, धीरसाय, विजय शंकर सहित अन्य का योगदान सराहनीय रहा। कार्यक्रम स्वल्पाहार के साथ संपन्न हुआ।


