तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव 2026 का भव्य समापन, आयुष नामदेव की शानदार प्रस्तुति ने बांधा समां

Chandrakant Pargir

 


बलरामपुर | छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाला तातापानी महोत्सव 2026 अपने तीन दिवसीय भव्य आयोजन के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रतिष्ठित महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ, जिसने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।



महोत्सव के तीनों दिनों में लोकसंस्कृति, संगीत और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। बॉलीवुड, भोजपुरी और छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के कई नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक आदित्य नारायण, भोजपुरी सुपरस्टार रितेश पांडे और पद्मश्री से सम्मानित छत्तीसगढ़ी कलाकार अनुज शर्मा जैसे दिग्गजों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।



आयुष नामदेव बने आकर्षण का केंद्र

इसी कड़ी में कोरिया जिले के गौरव, युवा गायक आयुष नामदेव ने अपनी सशक्त और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति से महोत्सव को नई ऊंचाई दी। अंतिम दिवस पर सियाधेश म्यूजिक बैंड, रायपुर के साथ मंच साझा करते हुए आयुष नामदेव ने ऐसा समां बांधा कि हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक देर रात तक झूमते रहे।



आयुष नामदेव की गायकी, मंच पर प्रभावशाली उपस्थिति और दर्शकों से सीधे जुड़ने की कला ने उन्हें युवाओं के साथ-साथ हर वर्ग का चहेता बना दिया है। आज वे केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी पहचान बना रहे हैं। कोरिया और सरगुजा अंचल का नाम रोशन कर रहे आयुष नामदेव अब प्रदेश के लगभग हर बड़े सांस्कृतिक आयोजन की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

दर्शकों ने की जमकर सराहना

कार्यक्रम में उपस्थित हजारों दर्शकों ने आयुष नामदेव सहित सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की और ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

सांस्कृतिक विरासत को मिली नई पहचान

जिला प्रशासन बलरामपुर द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय महोत्सव न केवल पूर्णतः सफल रहा, बल्कि दर्शकों के लिए लंबे समय तक यादगार भी बन गया। तातापानी महोत्सव 2026 ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!