बैकुंठपुर (कोरिया)। कोरिया जिले के बैकुंठपुर से लगे ग्राम पंचायत जामपारा में शुक्रवार को उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण देर रात तक जारी रहा। रात करीब 8:30 बजे तक भी दर्जनों राशन कार्डधारी लाइन में खड़े रहे, जबकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वितरण कितनी रात तक चलेगा।
दोपहर से कतार में खड़ी महिलाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। महिलाओं का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान संचालक की लापरवाही के कारण उन्हें हर महीने इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है। घंटों इंतजार के बाद भी राशन नहीं मिलने से आक्रोश बढ़ता गया।
वहीं, दुकान संचालक का कहना है कि सभी उपभोक्ता एक ही दिन में राशन लेने पहुंच जाते हैं, जिससे व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाता है। साथ ही ई-पॉस मशीन बार-बार खराब होने के कारण वितरण की गति बेहद धीमी हो गई है। संचालक ने इसमें अपनी कोई गलती नहीं बताते हुए तकनीकी समस्या को जिम्मेदार ठहराया।
इधर, दुकान परिसर में अत्यधिक भीड़ जमा होने से हालात तनावपूर्ण बने रहे। बताया जा रहा है कि कुछ लोग नशे की हालत में भी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे विवाद की स्थिति बनती चली गई। मौके पर मौजूद लोग किसी बड़ी घटना की आशंका से सहमे रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, मशीनों की तकनीकी समस्या का स्थायी समाधान हो तथा भीड़ नियंत्रित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था और तनावपूर्ण हालात न बनें।




