गरियाबंद। जिले के उरमाल में आयोजित अश्लील डांस कार्यक्रम के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा की डांसर सुचित्रा जेना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे उड़ीसा के जजपुर जिले के थाना धर्मसाला क्षेत्र स्थित उसके निवास ग्राम से गिरफ्तार किया। बाद में उसे थाना धर्मसाला में पेश कर निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सुचित्रा जेना ने 8 जनवरी को उरमाल में आयोजित डांस कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी। इस मामले में आयोजकों के खिलाफ पहले से दर्ज अपराध में सुचित्रा जेना को सह-आरोपी बनाया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 एवं 3-5 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब 9 जनवरी के आयोजन में शामिल रही डांसर निशा महाराणा की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि निशा महाराणा ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अधिक भीड़ जुटाने की अपील भी की थी। 9 जनवरी को आयोजित इसी कार्यक्रम को लेकर भारी विवाद खड़ा हुआ था, जिसे शर्मसार करने वाला डांस बताया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में एसडीएम के थिरकते हुए वीडियो भी सामने आए थे।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेद व्रत सिरमौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अश्लीलता फैलाने वाले कार्यक्रमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


