सुरजपुर। जिले के उमापुर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित में आज दिनांक 15 जनवरी 2026 को प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई तहसीलदार रामानुजनगर श्री एम.एस. राठिया के नेतृत्व में की गई, जिसमें राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन सत्यापन एवं मौके पर मौजूद धान की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के समय टोकन क्रमांक TK37000301252600359 दिनांक 15.01.26, जो ग्राम गकरंदीपुर निवासी कृषक श्री मोहन सिंह के नाम जारी किया गया था, के तहत लाए गए धान की जांच की गई। जांच में कृषक द्वारा प्रस्तुत धान से भरे बारदाना पर धान खरीदी केंद्र कृष्णपुर, तरगवां, पटना (जिला कोरिया), रजौली, तरगवां (जिला कोरिया) के साथ-साथ मरवाही (जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) सहित अन्य समितियों के वर्ष 2025-26 एवं पूर्व वर्षों के छाप अंकित पाए गए। एक ही खेप में अलग-अलग जिलों और वर्षों के बारदाना पाए जाने से प्रथम दृष्टया यह धान मिलर्स के स्टॉक से लाया जाना प्रतीत हुआ।
प्रशासन का मानना है कि यह धान कृषक का स्वयं का नहीं होकर अवैध रूप से खरीदी केंद्र में खपाने का प्रयास किया जा रहा था। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर मौके पर ही लगभग 220 बोरा धान जप्त किया गया और पंचनामा तैयार कर जप्त धान को समिति प्रबंधन को सुपुर्द किया गया। मामले में संबंधित कृषक, समिति प्रबंधन एवं संभावित मिलर्स की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


