मनरेगा से गांधी नाम हटाने के विरोध में 18 दिसंबर को भाजपा कार्यालय का घेराव

Chandrakant Pargir

 

बैकुंठपुर, कोरिया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) से महात्मा गांधी का नाम हटाने एवं अधिनियम को कमजोर करने के कथित प्रयासों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा 18 दिसंबर 2025, गुरुवार को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।


जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 1:30 बजे राजीव भवन (कांग्रेस कार्यालय) में एकत्रित होंगे, जहां से जुलूस के रूप में भाजपा कार्यालय का घेराव करने रवाना होंगे। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार मनरेगा जैसे जनहितकारी कानून को कमजोर करने तथा उससे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने के लिए विधेयक लाई है, जो ग्रामीण मजदूरों और गरीब वर्ग के हितों के खिलाफ है।


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्र के लाखों जरूरतमंद परिवारों की आजीविका का सहारा है और इसे कमजोर करना सीधे तौर पर जनता के अधिकारों पर हमला है। इसी के विरोध में जिला स्तर पर यह आंदोलन किया जा रहा है।


इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, सांसद व पूर्व सांसद, विधायक व पूर्व विधायक, वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल व सेक्टर के पदाधिकारी, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, पंचायती राज संगठन, आदिवासी प्रकोष्ठ, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य, सरपंच सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उपस्थित रहने निर्देश जारी किए गए है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!