बैकुण्ठपुर। जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर परिसर में लगे ऑक्सीजन प्लांट से कॉपर पाइप चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामला अप.क्र. 389/2025 धारा 331(2), 305(ए), 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी मनीष जायसवाल, निवासी अमहर थाना पटना, हामु जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर में कार्यरत हैं। उन्होंने 19 नवंबर को थाना बैकुण्ठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में पीएम केयर्स फंड/डीआरडीओ द्वारा स्थापित ऑक्सीजन प्लांट, जो करीब दो वर्ष से बंद पड़ा था, उससे सीटी स्कैन कक्ष तक लगे करीब 150 मीटर कॉपर पाइप की चोरी हो गई है। चोरी 11 नवंबर की रात करीब 3 बजे अज्ञात चोरों द्वारा की गई थी। चोरी गए पाइप की कीमत लगभग ₹2,50,000 आंकी गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना पर पुलिस ने संदेही आयुष गुप्ता उर्फ ईशु उर्फ हन्टा (20 वर्ष) निवासी एमएलए नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कॉपर पाइप को एंगल की मदद से निकालकर टुकड़ों में काटकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी का सामान मो. फारूख मेमन (48 वर्ष) निवासी जूनापारा को बेचने की बात भी बताई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खरीदार मो. फारूख को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार लकड़ा, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, प्रधान आरक्षक दीपक पांडेय, आरक्षक दिनेश उइके तथा सायबर सेल बैकुण्ठपुर के शिवम सिन्हा एवं अमरेशानंद ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

