बैकुंठपुर। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय कोरिया जिले के प्रथम कलेक्टर रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एस. के. वैद का निधन हो गया। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ गठन के बाद वे मध्यप्रदेश कैडर में चले गए थे। कोरिया जिले में उनका कार्यकाल जिले की स्थापना 25 मई 1998 से 10 जून 1999 तक रहा। इस दौरान वैद ने नवगठित जिले की प्रशासनिक नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
कलेक्टर रहते हुए उन्होंने प्रशासनिक भवनों के लिए भूमि चयन से लेकर कई प्राथमिकता वाले प्रारंभिक कार्यों को दिशा दी। सीमित संसाधनों और मैनपावर की कमी के बावजूद उन्होंने जिले के ढांचे को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनका स्नेह सर्वविदित था और उनके हँसमुख स्वभाव को आज भी जिले के लोग याद करते हैं।
इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी के अनुसार इंदौर नगर निगम के पूर्व आयुक्त और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शरद वैद का भी हाल ही में निधन हो गया। वे परिवार के साथ अंडमान-निकोबार की यात्रा पर गए थे, जहां हृदय संबंधी दिक्कत के बाद उनकी सर्जरी हुई। उपचार के दौरान शुक्रवार को उनका देहांत हो गया। श्री वैद के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार चेन्नई में किया गया। रिटायरमेंट के बाद वे इंदौर में ही रह रहे थे।




