एमसीबी। जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरेल में एक महिला को अवैध संबंध के शक में उसके ही रिश्तेदारों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर बुलाकर गाली-गलौज, मारपीट और मुंह पर कालिख पोतकर अपमानित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सुशीला पति सुखेदव सिंह (28 वर्ष) ने भय के कारण पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन घटना के दो दिन बाद हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 23 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे उसके चाचा ससुर राय सिंह, चाचा ससुर गुलाब सिंह, चाची सास उर्मिला और अनीता ने उसे और गांव के ओमप्रकाश पनिका को सार्वजनिक स्थान पर बुलाया। सभी ने मिलकर दोनों को बुरी तरह गाली-गलौज कर हाथापाई की तथा मुंह पर कालिख पोतकर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले 21 नवंबर को पीड़िता के पति ने भी गलत संबंध के शक में उसे घर से निकाल दिया था।
पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान वह बेहद भयभीत थी, जिसके चलते वह तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आ सकी। 25 नवंबर को वह जनकपुर थाने पहुंची और लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।
पुलिस ने मामला गंभीर पाते हुए राय सिंह, गुलाब सिंह, उर्मिला और अनीता के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 133, 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है।
यह घटना न सिर्फ महिला के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाला मामला है, बल्कि सामाजिक रूप से भी गंभीर अपराध माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।


