बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के चेर में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन नवीन आरटीओ कार्यालय में बिजली चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार निर्माण स्थल पर एक ग्रामीण के घर से तार जोड़कर अवैध तरीके से बिजली लेकर पंप और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे थे, जबकि जिस घर से बिजली सप्लाई ली जा रही थी, वहां भी बिजली का मीटर नहीं लगा हुआ था।
सूचना मिलते ही सीएसईबी की टीम मौके पर पहुंची। कार्यपालन अभियंता आर.पी. मिश्रा और कनिष्ठ अभियंता केशव चंद्रा के नेतृत्व में पहुंची छापेमारी टीम ने निर्माण स्थल से अवैध तार जब्त किया और मौके पर मौजूद मजदूरों से ठेकेदार का नंबर लेकर मोबाइल से पूछताछ करते हुए पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। टीम के अनुसार सरकारी निर्माण में इस तरह बिजली चोरी किया जाना गंभीर अनियमितता है।
वहीं दूसरी ओर, कार्रवाई शुरू होते ही लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर मौके से चुपचाप निकलते देखे गए। सरकारी कार्य में चोरी की बिजली का उपयोग सामने आने से विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। बिजली विभाग ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है और आगे कठोर कदम उठाए जाने की संभावना जताई है।




