देवगढ़ वन क्षेत्र में भूमिगत गैस रिसाव, प्रशासन सतर्क — ग्रामीणों में कौतूहल, 15 वर्ष पहले भी हुआ था मीथेन गैस का सर्वे, अब फिर चर्चा तेज

Chandrakant Pargir

 


कोरिया, 26 अक्टूबर। जिले के कोरिया वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र देवगढ़ अंतर्गत प.स. वृत्त कैलाशपुर के ओदारी कक्ष क्रमांक पी-405 की वनभूमि में भूमिगत गैस रिसाव की घटना सामने आई है। मौके पर पहुंचे वन परिक्षेत्राधिकारी देवगढ़ ने स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए हैं।


मौके पर ग्रामीणों ने लगभग 1×1 मीटर क्षेत्रफल का गड्ढा खोदा, जिसमें पानी जमा है। इसी गड्ढे से लगातार गैस के बुलबुले और “फुफकार” जैसी आवाजें निकल रही हैं। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में आश्चर्य और भय दोनों की स्थिति बनी हुई है।



कुछ लोग इसे कोई रहस्यपूर्ण घटना बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह प्राकृतिक गैस का उबाल हो सकता है। फिलहाल विभागीय अधिकारी इसे वैज्ञानिक दृष्टि से जांच के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज चुके हैं।


वन विभाग ने गैस रिसाव वाले क्षेत्र को रस्सी से घेरकर सुरक्षा घेरे में ले लिया है, तथा स्थानीय कर्मचारियों की ड्यूटी सुरक्षा के लिए लगा दी गई है। ग्रामीणों को भी मौके से दूर रहने की सलाह दी गई है।


गौरतलब है कि करीब 15 वर्ष पूर्व सोनहत क्षेत्र में मीथेन गैस की उपस्थिति को लेकर सर्वेक्षण किया गया था, परंतु वह मामला बाद में ठंडे बस्ते में चला गया था। अब फिर से भूमिगत गैस के रिसाव की घटना ने भूगर्भीय गतिविधियों और ऊर्जा संभावनाओं पर चर्चा को नया आयाम दे दिया है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!