कोरिया | पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी और जिले में जारी बिजली संकट को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की शुरुआत चक्काजाम से हुई, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्काजाम के बाद कार्यकर्ता बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और घेराव कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि
भाजपा सरकार राजनीतिक दुर्भावना से कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है।
केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने और कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
जिले में बिजली की अनियमित आपूर्ति से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार समाधान के बजाय चुप्पी साधे बैठी है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली संकट और राजनीतिक प्रताड़ना जैसे मुद्दों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस जन और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी योगेश शुक्ला, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और ग्रामीण क्षेत्र से आए कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। यह प्रदर्शन प्रदेश में बढ़ती जनविरोधी नीतियों और राजनीतिक दमन के खिलाफ कांग्रेस की सक्रियता को दर्शाता है।