मनेंद्रगढ़ | छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ द्वारा मंगलवार, 22 जुलाई को केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ दो चरणों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
पहले चरण में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक PWD तिराहा, मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी के दुरुपयोग और विपक्षी नेताओं पर हो रही कार्रवाई के विरोध में चक्काजाम किया। सैकड़ों कांग्रेसजन बारिश के बावजूद सड़क पर डटे रहे। भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और टायर जलाकर मार्ग अवरुद्ध कर विरोध दर्ज कराया गया।
दूसरे चरण में दोपहर 2 बजे कांग्रेसजन छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय आमाखेरवा पहुंचे और बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान बढ़ती महंगाई और आम जनता की समस्याओं को लेकर जमकर विरोध जताया गया। मौके पर बिजली विभाग को ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, सेवादल, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं अल्पसंख्यक विभाग समेत कांग्रेस के सभी संगठनात्मक इकाइयों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “जब तक भाजपा की जनविरोधी नीतियों पर रोक नहीं लगेगी, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।”जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा, “जनता की आवाज उठाना कांग्रेस की प्राथमिकता है, और आज का प्रदर्शन उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। भाजपा की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।”
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी और प्रभा पटेल ने भी केंद्र और राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि “केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक बदले के लिए इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यजनक है।”
प्रदर्शन में अशोक श्रीवास्तव, सौरव मिश्रा, राजकुमार केशरवानी, प्रभा पटेल,सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह प्रदर्शन कांग्रेस की जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रियता और संघर्षशील भूमिका को दर्शाता है।