सक्ती | सुशासन तिहार 2025 के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को सक्ती जिले के बंदोरा गांव का आकस्मिक दौरा किया। उनका हेलीकॉप्टर जैसे ही गांव के समीप उतरा, ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री सीधे करीगांव पहुंचे, जहां पीपल के पेड़ के नीचे जनचौपाल का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने खाट पर बैठकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।
करीगांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री की आरती उतारी, हल्दी-चावल का तिलक लगाया और कमल का फूल भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। श्री साय ने सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री का यह दौरा ग्रामीणों के लिए विशेष रहा, जिससे शासन और जनता के बीच की दूरी और भी कम हुई।