मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष विनय शंकर सिंह ने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी दावों को सिरे से खारिज करते हुए मनेन्द्रगढ़ वन मंडल में बड़े पैमाने पर चल रहे भ्रष्टाचार का खुलासा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे वन मंडल में केवल कागजों पर काम हो रहा है, जबकि धरातल पर 50 प्रतिशत भी कार्य नहीं हुआ है।
सिंह ने बताया कि केल्हारी परिक्षेत्र में ई-कुबेर प्रणाली की खुलेआम अनदेखी करते हुए मजदूरों के खातों में मनमर्जी से राशि डाली गई, जिनके बारे में खुद लाभार्थियों को कोई जानकारी नहीं थी। और जब राशि खाते में आई, तो विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें मजबूर कर नकद में पैसे वापस ले लिए। उन्होंने दावा किया कि यह खेल पूरे वन मंडल में लगातार जारी है।
पूर्व जनपद अध्यक्ष ने कहा कि भोले-भाले ग्रामीणों को ठगा जा रहा है, और भ्रष्टाचार की दर्जनों शिकायतों के बावजूद भाजपा सरकार आंख मूंदे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषी अधिकारियों को संरक्षण दे रही है और कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जन आंदोलन की राह पर उतरने को मजबूर होंगे।